Thu. Apr 18th, 2024

समूह की दीदीयों ने कलेक्टोरेट परिसर में सजाया पंडाल महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष ने झण्डा खरीदकर किया स्टॉल का शुभारंभ

04 अगस्त 2022

बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बनने लगा है। यह अभियान 13 अगस्त से 15 अगस्त तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष स्व सहायता समूह की दीदीयों के द्वारा बनाया गया तिरंगा हर घर में सम्मानपूर्वक फहरेगा। कलेक्टर सौरभ कुमार के निर्देशन में इस अभियान को सफल बनाने की पूरी तैयारी चल रही है।

जिले की 40 महिला स्व सहायता समूह की महिलाओें द्वारा 15 हजार झण्डे तैयार किये जा रहे है। आज से समूह की महिलाओं ने जिला कार्यालय में झण्डों की बिक्री के लिए स्टाल लगाया है। महापौर रामशरण यादव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान ने महिलाओं से झण्डा खरीदा और उनका हौंसला बढ़ाया। महापौर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले के नागरिकों से हर घर में तिरंगा लगाने की अपील की है।

महापौर रामशरण यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा इस साल आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के मौके पर ’आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हर नागरिक के मन में राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और बढ़ाने के लिए ’हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उन्होंने सभी की सहभागिता पर जोर दिया। जिला कार्यालय के परिसर में हर घर तिरंगा अभियान के लिए सेल्फी जोन भी बनाया गया है।


कलेक्टोरेट में समूह की दीदीयों ने सजाया पंडाल –
कलेक्टारेट में नारी शक्ति स्व सहायता समूह की दीदीयों द्वारा झण्डों की बिक्री के लिए पंडाल सजाया है। स्टॉल में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि सहित आम नागरिक भी तिरंगा खरीद सकते है।