महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में लापरवाही बरतने पर दिये जांच के निर्देश
30 मई 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रतन लाल डांगी, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर द्वारा रेंज अंतर्गत जिला कोरबा के महिला संबंधी गंभीर अपराध जिनमें आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, ऐसे प्रकरणों की समीक्षा हेतु साथ ही इन अपराधों में पीड़ितों को ‘पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना’ अंतर्गत क्षतिपूर्ति राशि प्रदाय किये जाने के संबंध में पुलिस अधीक्षक एवं राजपत्रित पुलिस अधिकारियों व विवेचकों की वर्चुअल अपराध समीक्षा बैठक ली गई।
समीक्षा के दौरान थाना दीपका के 01 प्रकरण में पीड़िता की मृत्यु के एक वर्ष दो माह पश्चात मर्ग व अपराध की कायमी की गई साथ ही इतनी लंबी अवधि के पश्चात भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है, इस पर थाना प्रभारी एवं विवेचक के विरूद्ध जांच किये जाने एवं इनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक कोरबा को निर्देशित किया गया। थाना बालको के 01 प्रकरण की पीड़िता के द्वारा बताया गया कि उसको आरोपी के जीजा के द्वारा केस वापस लेने के लिए डराया-धमकाया जा रहा है, इस पर पुलिस अधीक्षक को पीड़िता का कथन कराया जाकर प्रकरण में तत्काल नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही किये जाने निर्देशित किया गया और प्रकरण में फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में अपराधों के पीड़ितों को भी वर्चुअली सुना गया जिसमें उनको प्राप्त क्षतिपूर्ति/राहत राशि और प्रकरण के संबंध में एवं अन्य व्यक्तिगत समस्याओं को सुना गया तथा पीड़ितों से जानकारी लेकर पुलिस अधीक्षक को पीड़ितों की सभी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ तत्काल निराकरण करने निर्देशित किया गया। एक पीड़िता ने स्कूल में पुनः एडमिशन नहीं मिलने की समस्या बताई, जिस पर पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कोरबा को स्कूल के प्रिंसिपल से बात कर पीड़िता को पुनः स्कूल में एडमिशन दिलाने हेतु निर्देशित किया।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक जिला कोरबा के द्वारा अवगत कराया गया कि विगत तीन दिवस के भीतर कुल 09 प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, शेष प्रकरणों की समीक्षा कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किया जाना बताया गया।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक जिला कोरबा भोजराम पटेल और जिले के राजपत्रित अधिकारीगण व संबंधित प्रकरणों के विवेचकगण सहित रेंज कार्यालय बिलासपुर में पदस्थ राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

