3 दर्जन दोपहिया वाहन जलकर खाक
01 जून 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रतनपुर थाना परिसर में आग लगने से बरामद हुई 3 दर्जन से अधिक दुपहिया वाहन जलकर खाक हो गई। इस भीषण आगजनी की घटना के कारणों की जांच की जा रही है।रतनपुर थाने से मिली जानकारी के अनुसार थाने के बगल में एक पुराना भवन है। इस भवन के परिसर में बड़ी संख्या में जब्तशुदा दुपहिया वाहनों को रखा गया है। बुधवार को सुबह 11 बजे अचानक आग लग गई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को कुछ समझ में आता इसके पहले ही आग पूरे परिसर में फ़ैल गई और वहां से आग की ऊँची लपटे उठने लगीं। तेज गर्मी की वजह से देखते ही देखते सभी गाड़ियाँ धूं-धूं कर जल उठीं। प्रारंभिक तौर पर थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने बाल्टियों में पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन गाड़ियों की टंकी में पेट्रोल होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में बिलासपुर से पहुंची दमकल ने किसी तरह आग पर काबू पाया। तबतक थाना परिसर में खड़ी तकरीबन 3 दर्जन दुपहिया वाहन जलकर खाक हो चुके थी।

बताया जा रहा है कि परिसर में खड़े वाहनों की संख्या बहुत ज्यादा थी, लेकिन सिर्फ 35-36 वाहन ही आग की चपेट में आये, बाकी के वाहनों को जलने से बचा लिया गया है। पुलिस ने घटना में किसी भी शरारती तत्व की करतूत से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस अपने ही परिसर में लगी आग के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

