थानों में मर्ग निराकरण के पश्चात रखे विसरा का विधिवत शीध्र नष्टीकरण करने दिए निर्देश
11 जुलाई 2022
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर
रतन लाल डांगी, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर द्वारा बिलासपुर रेंज अंतर्गत जिला बिलासपुर के लंबित मर्ग प्रकरणों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिले के थाना/चौकी में लंबित मर्ग प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विभिन्न बिन्दुओं पर कार्यवाही संबंधी निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा इस बात पर विशेष बल दिया गया कि मर्ग प्रकरणों में जप्त विसरा को अविलंब परीक्षण हेतु भेजा जावे तथा रिपोर्ट प्राप्त कर प्रकरणों का यथाशीघ्र निराकरण किया जावे। नवविवाहिता से संबंधित मर्ग प्रकरणों की जांच अत्यंत संवेदनशीलता से किया जावे।
ऐसे मर्ग प्रकरण जिनमें समय पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने में परेशानी हो रही हो अथवा लंबी अवधि व्यतीत होने के बाद भी रिपोर्ट नहीं मिल पा रहे हों, तो ऐसे प्रकरणों को कलेक्टर द्वारा आयोजित समय-सीमा बैठक (टी.एल. मीटिंग) में आवश्यक रूप से साझा की जावे और समन्वय में कार्य करते हुए प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जावे।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिले में लंबित मर्ग प्रकरणों के निराकरण की ओर विशेष ध्यान दिये जाने तथा तीन माह से अधिक अवधि के लंबित सभी प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाकर समयबद्ध निराकरण करने निर्देशित किया गया साथ ही इस बात पर भी बल दिया गया कि राजपत्रित अधिकारी अपने अधीनस्थ थाना/चौकी के मर्ग जांच, व्हीसरा जॉंच आदि कार्यो की नियमित समीक्षा कर लिखित निर्देश जारी करें। किसी भी थाना/चौकी में अनावश्यक मर्ग प्रकरण रखने वाले थाना/चौकी प्रभारियों व जांचकर्ताओं का स्पष्टीकरण प्राप्त कर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही भी की जाये।



