उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले…ऐतिहासिक बनाना है आयोजन…तैयारियों का लिया जायजा…! 25 मार्च तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने दिए निर्देश
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मार्च को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर पूरे राज्य, विशेषकर बिलासपुर में जबरदस्त उत्साह है। इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मोहभट्टा में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और 25 मार्च तक सभी कार्यों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

स्वच्छता और आधारभूत संरचना पर जोर
श्री साव ने प्रधानमंत्री के आगमन से पहले 25 से 29 मार्च तक पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नव-निर्वाचित पार्षद, पंच, सरपंच और जनप्रतिनिधियों को इस अभियान में सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। इसके साथ ही, उन्होंने लोक निर्माण विभाग को बिल्हा और आसपास की सड़कों की मरम्मत तेज़ी से करने के आदेश दिए।

गर्मी को देखते हुए, उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बंद पड़े नलकूपों को तुरंत ठीक कराने और जरूरत के अनुसार जलाशयों से पानी छोड़ने के भी निर्देश दिए गए।

सभास्थल और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री ने सभास्थल, मुख्य मंच, हेलीपैड और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर अवनीश शरण ने बताया कि सभा में करीब 2 लाख लोगों के आने की संभावना है। इसके लिए 120 सेक्टर बनाए जा रहे हैं, जहां प्रत्येक सेक्टर में 1,500 से 2,000 लोग बैठ सकेंगे। हर सेक्टर में 10 कर्मचारी, 13 राजस्व और पुलिस अधिकारियों की तैनाती रहेगी।

सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान
आईजी संजीव शुक्ला ने बैठक में सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल के अनुसार एसपीजी और पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी।

साथ ही, पार्किंग स्थलों पर एंबुलेंस, शौचालय, पेयजल टैंकर, अनाउंसमेंट सिस्टम और भोजन पंडाल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। पार्किंग स्थल से सभास्थल तक अधिकतम 1.5 किलोमीटर की दूरी होगी, ताकि लोगों को लंबा पैदल सफर न करना पड़े।

राज्य के लिए गौरव का क्षण श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ और विशेषकर बिलासपुर दौरा राज्य के लिए गर्व का विषय है। इस कार्यक्रम से राज्य की विकास योजनाओं को प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे एक उत्सव का रूप देने की अपील की, ताकि आने वाले लोग मेहमान जैसा सम्मान और अपनापन महसूस करें।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह सहित राज्य व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

