उत्कृष्ट प्रदर्शन से गौरेला पेंड्रा मरवाही पैंथर्स टीम में मिली जगह…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} छत्तीसगढ़ कबड्डी प्रीमियर लीग 2025 के लिए आयोजित चयन ट्रायल में ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल, सरकंडा, बिलासपुर की कक्षा 11वीं की छात्रा वशिला बेगम ने शानदार प्रदर्शन कर गौरेला पेंड्रा मरवाही पैंथर्स टीम में अपनी जगह बना ली है। यह पूरे विद्यालय और बिलासपुर के लिए गर्व का क्षण है।
यह ट्रायल बिलासपुर, भिलाई, पेंड्रा, डोंगरगढ़ और कांकेर जैसे 5 स्थानों पर आयोजित किया गया था, जिसमें 500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच केवल 72 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

जिनमें से एक नाम वशिला बेगम का भी रहा।
चयन प्रक्रिया वीर शिवाजी कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र, चिंगराजपारा, बिलासपुर में सम्पन्न हुई, जहां मुख्य कोच हीरा महरा और चयनकर्ता हेमंत यादव, महेंद्र पटेल, राकेश देवांगन और प्रदीप यादव ने खिलाड़ियों का आंकलन किया।
छत्तीसगढ़ कबड्डी प्रीमियर लीग 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2025 तक रतनपुर, बिलासपुर में आयोजित की जाएगी, जहां वशिला बेगम अपनी टीम के साथ दमदार प्रदर्शन के लिए तैयार हैं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने वशिला को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह उपलब्धि हमारी छात्रा की मेहनत और समर्पण का नतीजा है। हमें विश्वास है कि वह आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और बिलासपुर का नाम रोशन करेगी।”
वशिला के इस शानदार चयन से पूरे स्कूल, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। अब सभी की नजरें उनके शानदार प्रदर्शन पर टिकी हैं!

