बैंक प्रबंधन ने हासिल की बड़ी उपलब्धि वित्त वर्ष 2024-25 में 84 करोड़ का किया लाभ अर्जित…बैंक अधिकारियों ने कलेक्टर का जताया आभार-◆
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. बिलासपुर ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति पर 84 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है। यह लाभ बैंक के लिए पिछले पांच वर्षों में सर्वाधिक है। बैंक के प्राधिकृत अधिकारी एवं कलेक्टर जिला बिलासपुर अवनीश कुमार शरण के कुशल नेतृत्व और निर्देशों के परिणामस्वरूप यह सफलता प्राप्त हुई है।
कलेक्टर अवनीश शरण ने अक्टूबर 2023 में प्राधिकृत अधिकारी का पद ग्रहण किया। इसके पश्चात उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली की सूक्ष्म समीक्षा की और आवश्यक सुधार लागू किए। उनकी दिशा-निर्देश में बैंक कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत करते हुए बैंक को आर्थिक रूप से मजबूत स्थिति में पहुँचाया। नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने भी बैंक के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बैंक की सफलता में कलेक्टर शरण द्वारा समय-समय पर सी.ई.ओ और नोडल अधिकारी की बैठक में दिए गए निर्देशों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने धान खरीदी और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने का विशेष ध्यान दिया ताकि कृषकों एवं आम जनता को कोई असुविधा न हो।

कलेक्टर अवनीश शरण के प्रभावी मार्गदर्शन, सतत् निगरानी और मेहनत के फलस्वरूप वर्ष 2024-25 में जिला सहकारी बैंक बिलासपुर ने अपने पांच वर्षों के सर्वाधिक लाभ को अर्जित किया है।
इस उपलब्धि के लिए आज बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील सोढ़ी, नोडल अधिकारी आशीष दुबे, अति० मुख्य पर्यवेक्षक शशांक शेखर दुबे सहित कर्मचारी युनियन के अध्यक्ष भगवत यादव एवं अन्य अधिकारियों ने कलेक्टर अवनीश शरण का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर उन्हें बधाई दी और आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर हितेश सलूजा, लक्ष्मण कौशिक, रवि सिंह, राजेश पाठक, प्रकाश शर्मा, किशोर चंद्राकर, रघुनाथ यादव एवं बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

