सिविल लाइन व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रामसेतु चौक क्षेत्र में चलाया विशेष चेकिंग अभियान…
13 मोटरसाइकिल जब्त…!
बिलासपुर- {जनहित न्यूज़} बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के सख़्त निर्देश पर रविवार को थाना सिविल लाइन और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने रामसेतु चौक क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 13 मोटरसाइकिलें ज़ब्त कीं, जिन पर या तो टेप लगाकर नंबर प्लेट बदली गई थी अथवा गलत नंबर प्लेट लगाई गई थी।
पुलिस टीम ने सभी मोटरसाइकिलों को मौके पर ही जब्त कर थाना सिविल लाइन परिसर में खड़ा कराया। जांच में सामने आया कि कुछ बाइक सवार, खासतौर पर छात्र वर्ग, चालान और ट्रैफिक नियमों से बचने के लिए इस तरह की अवैध तरकीबों का सहारा लेते हैं। पुलिस ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए कार्रवाई की।

एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फर्जी नंबर प्लेट लगाना या उसे छुपाने के लिए टेप, स्टिकर जैसी तकनीक का उपयोग करना गैरकानूनी कृत्य है। इस पर किसी भी सूरत में छूट नहीं दी जाएगी। अगली बार पकड़े जाने पर दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी।

पुलिस की इस मुहिम से उन बाइक चालकों में हड़कंप मच गया है जो इस तरह के अवैध उपायों से नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ते हैं। यह कार्रवाई ट्रैफिक व्यवस्था में अनुशासन कायम करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
संदेश साफ है नियम तोड़ने वालों पर अब पुलिस की पैनी नज़र है, और फर्जी नंबर प्लेट वालों को सीधे जेल का रास्ता तय करना होगा।

