24 घंटे में हत्या का खुलासा मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई दो आरोपी गिरफ्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में घटित हत्या के सनसनीखेज मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई इस प्रभावी कार्रवाई में पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून से सने कपड़े तथा मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
क्या है पूरा मामला…?
03 फरवरी 2026 को फरहदा निवासी अर्जुन साहू (20 वर्ष) ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कुछ माह पूर्व उसकी बहन से बातचीत करने को लेकर गांव के जयपाल उर्फ कल्लू साहू से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 02 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे खरवोरवा तालाब के पास जयपाल साहू और हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अर्जुन और कोमल साहू पर हमला किया।
घटना में गंभीर रूप से घायल कोमल साहू (19 वर्ष) को जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज किया और विवेचना शुरू की।

आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना संदेह और पुरानी रंजिश के कारण की गई। इसके आधार पर दो आरोपियों
हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह), निवासी बजरंगपारा, जरहागांव
जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष), निवासी फरहदा को 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 04 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्रकरण में बीएनएस की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 भी जोड़ी गई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सउनि लखीराम नेताम सहित थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही। मुंगेली पुलिस की तत्परता और सटीक विवेचना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कानून से कोई ऊपर नहीं।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।

