एक साल से फ़ाइल के लिए चक्कर काट रहे त्रस्त युवक ने किया अनोखा विरोध प्रदर्शन…सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा वीडियो…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सरकारी दफ्तरों में फाइलों के गुम होने और लोगों को महीनों-दर-महीनों चक्कर कटवाने की शिकायतें आम हैं, लेकिन बिलासपुर में एक युवक ने इस परेशानी के खिलाफ ऐसा अनोखा विरोध किया कि उसका वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
मामला तिफरा हाईटेक बस स्टैंड के पीछे स्थित अभिलाषा परिसर के हाउसिंग बोर्ड कार्यालय का बताया जा रहा है। यहां एक युवक करीब एक साल से नामांतरण की फाइल के लिए लगातार चक्कर काट रहा था। युवक ने हाउसिंग बोर्ड से ईडब्ल्यूएस फ्लैट खरीदने के बाद विधिवत रजिस्ट्री कराई थी और नामांतरण के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा किए थे।
युवक का आरोप है कि उसने दस्तावेज सहायक सम्पदा अधिकारी पूनम बंजारे के पास जमा किए थे, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता रहा कि उसकी फाइल नहीं मिल रही है। लगातार कार्यालय के चक्कर लगाकर परेशान हो चुके युवक ने इस बार विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
बताया जा रहा है कि युवक आधा किलो बादाम का पैकेट लेकर कार्यालय पहुंचा। उसने पहले हमेशा की तरह अपनी फाइल के बारे में पूछा। जब उसे फिर वही जवाब मिला कि फाइल नहीं मिल रही है, तब उसने बादाम का पूरा पैकेट मैडम की टेबल पर पलट दिया और तंज कसते हुए कहा कि बादाम खाने से याददाश्त तेज होती है, शायद इससे उन्हें याद आ जाए कि उसकी फाइल कहां रखी है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो को सरकारी दफ्तरों की सुस्त कार्यप्रणाली, फाइलों की अव्यवस्था और आम नागरिकों की परेशानी का प्रतीक मान रहे हैं।
कई लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि आखिर सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए इतना परेशान क्यों होना पड़ता है। क्या फाइलों का सही रखरखाव नहीं हो पा रहा, या फिर बिना लेन-देन के काम आगे नहीं बढ़ता? वायरल वीडियो ने सिर्फ हाउसिंग बोर्ड कार्यालय ही नहीं, बल्कि तमाम सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं सोशल मीडिया पर लोग युवक की गांधीगिरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि गुस्सा और हंगामा करने के बजाय युवक ने व्यंग्य के जरिए अपनी बात रखी, जो सीधे सिस्टम पर चोट करती है।

