सेक्टर डी और व्यापार विहार में हुई बड़ी कार्रवाई…!
चार अवैध प्लाटिंग ध्वस्त व्यापार विहार से हटाया गया सड़क किनारे का अतिक्रमण…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम ने शहर में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर तिफरा के सेक्टर डी क्षेत्र में बिना अनुमति, लेआउट और डायवर्सन के जमीन की अवैध प्लाटिंग कर बेचने वाले चार प्रोजेक्ट पर बुलडोज़र चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को जमींदोज कर दिया गया।

नगर निगम की टीम ने जिन मामलों में कार्रवाई की, उनमें लक्ष्मी नारायण और रविनारायण द्वारा खसरा नंबर 1349/2, रकबा 1 एकड़, राजकुमार गुप्ता द्वारा खसरा नंबर 1349/1, रकबा 55 डिसमिल, राजेन्द्र कुमार पिता झाडूराम द्वारा खसरा नंबर 1293, रकबा 67 डिसमिल तथा दिलहरण द्वारा खसरा नंबर 1294, रकबा 33 डिसमिल की जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग शामिल है।

निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोगों द्वारा बिना वैधानिक अनुमति और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी किए जमीन को टुकड़ों में विभाजित कर बेचा जा रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंची टीम ने प्लाटिंग के लिए बनाई गई सड़कों और संरचनाओं को हटाकर कार्रवाई की।
इसके अलावा व्यापार विहार क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से बनाए गए शेड और अतिक्रमण को भी हटाया गया।

निगम का कहना है कि शहर में अवैध कब्जे और बिना अनुमति की प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
आज की कार्रवाई में भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय, सब इंजीनियर आशीष गुप्ता, आशीष पाण्डेय, शिव बहादुर जायसवाल, राजस्व विभाग का अमला तथा अतिक्रमण विरोधी टीम मौजूद रही।

