तीसरी मंजिल से कूदे प्रेमी-प्रेमिका युवक की मौत…जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही युवती…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से बुधवार को एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर स्थित EWS बिल्डिंग में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गए। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक-युवती लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। युवक की पहचान चिरंजीव पांडेय के रूप में हुई, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती को गंभीर हालत में तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी निजी कारण से दोनों ने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू को गंभीरता से खंगाल रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, जबकि दूसरा परिवार अपनी बेटी की सलामती की दुआ कर रहा है।

