जमीनी स्तर पर स्वयं उतरकर जनहित में निभाई अहम जिम्मेदारी..!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शहर की स्लम बस्तियों में पेयजल समस्या को लेकर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने जमीनी स्तर पर उतरकर संवेदनशीलता का परिचय दिया। देवरीखुर्द, तालापारा और मिनी बस्ती जैसे क्षेत्रों का निरीक्षण कर उन्होंने न सिर्फ समस्याओं को करीब से समझा, बल्कि तत्काल समाधान के निर्देश देकर एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की।

देवरीखुर्द में गली नंबर सात में खराब पड़े मोटर पंप को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने मौके पर ही उसे सुधारने के निर्देश दिए। प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि शाम तक मोटर पंप ठीक कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को तुरंत राहत मिली। साथ ही, जिन इलाकों में पानी की कमी बनी हुई है, वहां एचडीपी टैंक लगाने के निर्देश भी जोन कमिश्नर को दिए गए, ताकि हर घर तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

तालापारा में निरीक्षण के दौरान खुले नलों से बहते पानी को देखकर कमिश्नर ने चिंता जताई। उन्होंने नागरिकों को नलों में टोटी लगाने और पानी के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। यह कदम न केवल जल बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता का संदेश भी देता है।

मिनी बस्ती में पहुंचकर कमिश्नर ने साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और नालियों व आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
इस पूरे निरीक्षण के दौरान कमिश्नर सर्वे का मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से नजर आया।

स्लम बस्तियों की समस्याओं को समझते हुए उनका यह प्रयास न केवल प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण है, बल्कि शहर के विकास में समावेशी सोच की भी मिसाल बनता जा रहा है।

