लाखों का नुकसान…विद्युत विभाग पर लापरवाही के लगे गंभीर आरोप…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
न्यायधानी बिलासपुर के प्रसिद्ध शनिचरी सब्जी मंडी में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर करीब 14 से 15 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश दुकानें आलू और प्याज कारोबारियों की थीं, जिनमें रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। इस घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों में भारी आक्रोश है और उन्होंने विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह बताया है।
शटर में दौड़ रहा था करंट, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान:-
दुकानदारों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच दुकानें बंद करते समय लोहे के शटर में करंट महसूस हुआ।

इसकी सूचना तत्काल पास स्थित विद्युत विभाग कार्यालय को दी गई। शिकायत मिलने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन कथित रूप से केवल बिजली आपूर्ति बंद कर लौट गए और अगले दिन सुधार कार्य करने की बात कहकर चले गए।
रात 2 बजे भड़की आग, देखते ही देखते राख हुईं दुकानें:-
देर रात करीब 2:00 बजे अचानक उन्हीं दुकानों से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक दर्जन से अधिक दुकानें उसकी चपेट में आ गईं। दुकानदारों का आरोप है कि यदि रात में ही विद्युत फॉल्ट का स्थायी समाधान कर दिया जाता, तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था।
दमकल और पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू:-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और क्षेत्र में बड़ा हादसा होने से बच गया।

लाखों की क्षति, व्यापारियों में नाराजगी
आगजनी में व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि उनकी वर्षों की मेहनत कुछ ही घंटों में राख हो गई। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद ही साफ होगी आग लगने की असली वजह:-
फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। दुकानदार जहां इसे विद्युत विभाग की लापरवाही का परिणाम बता रहे हैं, वहीं प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

