औषधि विभाग का सघन अभियान, पशु दवा विक्रेताओं को नियमों के पालन करने दी हिदायत…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की दो टीमों द्वारा जिले के चार पशु औषधि विक्रय संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रिंग रोड, मंगला चौक, मुंगेली रोड एवं पुराने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित पशु औषधि दुकानों की जांच की गई।

औषधि निरीक्षक सुनील पंडा एवं सुमन लता कंवर ने दुकानों में उपलब्ध दवाओं के भंडारण एवं बिक्री संबंधी अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। इस दौरान प्रतिबंधित औषधियों की उपलब्धता की भी विशेष रूप से जांच की गई।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा Aceclofenac, Ketoprofen, Chloramphenicol एवं Nitrofurans युक्त औषधियों के पशु उपचार में उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इसके अतिरिक्त 100 मिलीग्राम से अधिक डोज वाली Nimesulide युक्त दवाओं के पशु उपयोग पर भी रोक है।
निरीक्षण के दौरान सभी संस्थानों में प्रतिबंधित दवाओं का कोई भंडारण नहीं पाया गया।

अधिकारियों ने इसे नियमों के पालन की दिशा में सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि पशु औषधियों की बिक्री एवं उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।

