स्पीड राडार गन और एएनपीआर कैमरों से निगरानी, लापरवाह चालकों के लाइसेंस निलंबन की तैयारी हुई शुरू…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। अत्याधुनिक एएनपीआर कैमरों, आईटीएमएस नेटवर्क, स्पीड राडार गन और इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से जनवरी से मई 2026 तक कुल 14,372 प्रकरण दर्ज कर वाहन चालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघनकर्ताओं पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से तेज गति, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, स्टंटबाजी, रील बनाते हुए ड्राइविंग तथा नशे की हालत में वाहन संचालन जैसे मामलों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस वर्ष मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत तेज गति से वाहन चलाने के 4,809 प्रकरण तथा धारा 184 के तहत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के 9,567 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन सभी मामलों में चालान जमा करने के लिए नोटिस जारी की गई है।

शहर में लगे 550 से अधिक अत्याधुनिक कैमरे लगातार प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और गलियों की निगरानी कर रहे हैं। आईटीएमएस और एएनपीआर तकनीक के जरिए गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर ऑनलाइन कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो वाहन चालक अपनी लापरवाही से स्वयं और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालते हैं, उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण के लिए परिवहन विभाग को लगातार प्रतिवेदन भेजे जा रहे हैं। वहीं स्टंटबाजी और रील बनाने जैसे मामलों में प्रकरण न्यायालय भेजे जा रहे हैं, जहां दोषियों को कठोर दंड का सामना करना पड़ रहा है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित वाहन संचालन को अपनी प्राथमिकता बनाएं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

