कलेक्टर संजय अग्रवाल के नेतृत्व में रेडक्रॉस का विशेष अभियान शुरू…
पहले ही दिन जुटे 72,600 रुपये…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बिलासपुर ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर ने कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए विशेष सहयोग राशि एकत्रीकरण अभियान शुरू किया। अभियान के पहले ही दिन अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों के सहयोग से ₹72 हजार 600 की राशि एकत्रित की गई।

कलेक्टर ने खुद सहयोग देकर की अभियान की शुरुआत:-
अभियान का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वयं सहयोग राशि प्रदान कर किया। इसके बाद रेडक्रॉस पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर, पुरानी एवं नई कंपोजिट बिल्डिंग, जिला न्यायालय तथा जिला पंचायत परिसर का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नेपाल में आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार स्वेच्छा से सहयोग देने की अपील की गई।
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से मानवीय संवेदना के साथ इस अभियान में सहभागी बनने और अपनी क्षमता के अनुरूप सहयोग करने की अपील की।
10 दिनों तक चलेगा सहयोग अभियान
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा यह विशेष राशि एकत्रीकरण अभियान आगामी 10 दिनों तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा। रेडक्रॉस के दल अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों से स्वैच्छिक सहयोग राशि एकत्र करेंगे।
अभियान के दौरान प्राप्त पूरी राशि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी। वहां से यह राशि नेपाल आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रेषित की जाएगी।

रेडक्रॉस के साथ छात्राओं ने भी बढ़ाया कदम
अभियान में रेडक्रॉस के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोयल, वाइस चेयरमैन प्रमोद शर्मा, सचिव डॉ. शुभा गरेवाल, अरुण चौहान, सुनील सोनथालिया, सुरेंद्र गुंबर, डॉ. राजीव अवस्थी, श्रीकांत सहारे, डॉ. एम.ए. जीवनी, सौरभ सक्सेना एवं आदित्य पांडे सहित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा की जूनियर रेडक्रॉस की छात्राएं भी सक्रिय रूप से मौजूद रहीं।
इसके अलावा लक्ष्मी नारायण मिश्रा, सुशील राजपूत, गीतेश्वरी चंद्र, नेहा राय एवं प्रीति चंद्र सहित रेडक्रॉस के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
आपदा नेपाल में आई है, लेकिन मदद के लिए उठे हाथ बिलासपुर से हैं, पहले ही दिन ₹72,600 का सहयोग इस बात का संदेश है कि इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती।

