राजकुमार परफ्यूम्स और अमित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बड़ी दुकानों से 500 किलो प्लास्टिक जब्त किया है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर आज निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शहर के बाज़ार क्षेत्र शनिचरी बाज़ार,गोल बाज़ार, तेलीपारा के दुकानों में छापा मार कर सघन जाँच अभियान चलाया। जिसमे अमित प्लास्टिक और राजकुमार परफ्यूम्स में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद किया गया।

नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा छत्तीसगढ़ प्लास्टिक और अन्य जैव-अनाशित सामग्री (उपयोग और निस्तारण का विनियमन) नियम, 2023 तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 (यथा संशोधित) के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विक्रय, भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध सघन जांच एवं जब्ती अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत नगर निगम की टीम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों शनिचरी बाजार, गोल बाजार एवं तेलीपारा में विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान मुख्य रूप से अमित प्लास्टिक, राजकुमार परफ्यूम्स प्रतिष्ठानों में कार्रवाई करते हुए लगभग 500 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अधिसूचित उक्त नियम, 2023 के नियम 3 के अंतर्गत विभिन्न प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण, उपयोग, परिवहन, वितरण, विक्रय एवं भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापारियों एवं आम नागरिकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा इसके स्थान पर कपड़े, जूट एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने की अपील की गई है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

