महिलाओं बच्चों को रस्सी और साड़ी के सहारे निकाला मिक्की मिश्रा और साथियों ने दिखाई बहादुरी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
सरकंडा के देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम से लगे अटल आवास में देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और नीचे खड़ी पांच बाइक जलकर खाक हो गईं। आग की लपटों और धुएं के गुबार के बीच फंसे लोग जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। बाहर निकलने का रास्ता नहीं सूझा तो कई महिलाओं और बच्चों ने छत से कूदकर जान बचाई। इस दौरान एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल और दमकल की मदद से करीब 75 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
चिंगारी से भड़की आग, देखते ही देखते पांच बाइक बनीं आग का गोला-:
जानकारी के अनुसार, अटल आवास के 24 ब्लॉकों में 75 से अधिक लोग रहते हैं। रविवार देर रात सभी अपने-अपने घरों में थे। इसी दौरान परिसर में बाइक खड़ी करने की जगह से चिंगारी उठी और आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग नीचे खड़ी बाइकों तक पहुंची तो लपटें तेजी से फैलने लगीं। पेट्रोल और टायरों में आग लगने से स्थिति और भयावह हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की चपेट में आई बाइकों की पेट्रोल टंकियों में धमाके होने लगे, जिससे रहवासियों में दहशत फैल गई।
धुएं से घिरी बिल्डिंग, महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार-:

आग बढ़ने के साथ ही बिल्डिंग में धुआं भरने लगा और लोगों के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया। बाहर निकलने का रास्ता तलाशते लोग मदद के लिए पुकारने लगे। लपटें देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हालात ऐसे थे कि कई लोग सीढ़ियों और रास्तों से निकलने की कोशिश करते रहे, जबकि कुछ ने छत से नीचे कूदकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
मिक्की मिश्रा और साथियों ने संभाला मोर्चा, रस्सी-साड़ी से किया रेस्क्यू-:
मुसीबत की इस घड़ी में स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मोर्चा संभाला। आग और धुएं के बीच फंसे महिलाओं और बच्चों को बाहर निकालने के लिए रस्सी और साड़ियों का सहारा लिया गया। स्थानीय युवकों की मदद से लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस और नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल को भी सूचना दी गई।
बिजली सप्लाई बंद कर शुरू हुआ बचाव अभियान-:
सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना का आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचा। सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई गई, ताकि बचाव कार्य के दौरान करंट का खतरा न रहे। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया और करीब 75 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आग बुझने के बाद भी घरों में लौटने से डरते रहे लोग आग बुझने के बाद भी अटल आवास के रहवासियों में दहशत बनी रही। लोग काफी देर तक अपने घरों में लौटने से घबराते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें समझाया, जिसके बाद रहवासी वापस अंदर गए। देर रात हुई इस घटना ने अटल आवास में रहने वाले परिवारों को झकझोर कर रख दिया। गनीमत रही कि समय रहते बचाव अभियान शुरू होने से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

