एक सप्ताह में चार वारंट तामिल फरार वारंटियों पर बिल्हा पुलिस ने कसा शिकंजा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायालयीन वारंटों की तामिली और फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए बिलासपुर पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस ने दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के साथ ही थाना बिल्हा क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर कुल चार स्थायी वारंट तामिल किए जा चुके हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ऑपरेशन बाज के तहत स्थायी वारंटियों की पतासाजी कर वारंट तामिल करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।

दो स्थायी वारंटी न्यायालय में पेश:-
पुलिस टीम ने पतासाजी के बाद स्थायी वारंटी मनमोहन कोसले, पिता कुजराम कोसले, निवासी सांबलपुरी, थाना बिल्हा तथा भाउराम जांगड़े, पिता दयाराम जांगड़े, निवासी बिटकुली, थाना बिल्हा को पकड़ा। दोनों स्थायी वारंटियों को 15 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई:-
बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्थायी वारंटियों की तलाश और न्यायालयीन वारंटों की तामिली का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित वारंटों के निष्पादन की दिशा में तेजी आने की उम्मीद है।

इनकी रही अहम भूमिका:-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोप सिंह नवरंग, आरक्षक 886 प्रताप साहू तथा आरक्षक 276 नरसिंह राज का विशेष योगदान रहा।

