मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी घायलों का सिम्स में उपचार जारी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी में चाकूबाजी और खूनी संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। मामूली विवादों में हथियार निकलना और बात-बात पर जानलेवा हमले होना शहर की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। ताजा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है, जहां अलाव तापने के दौरान लकड़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और चाकूबाजी में 19 वर्षीय युवक मयंक ध्रुव की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना डीएलएस कॉलेज के पीछे स्थित अटल आवास के डी ब्लॉक की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रात में कुछ युवक मोहल्ले में अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान लकड़ी फोड़ने और आग जलाने के लिए लकड़ी लेने की बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली नजर आ रहा विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान चाकू निकलने से संघर्ष ने खूनी रूप ले लिया।
मयंक ने भी चाकू से किया हमला, दूसरे पक्ष के दो युवक घायल-:

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान मयंक ने भी चाकू छीनकर दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला किया था। इस दौरान गोपाल नामक युवक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल मयंक ध्रुव की मौत हो गई।
दोनों पक्षों पर एफआईआर, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस-:

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। विवाद की वास्तविक वजह, चाकू किसके पास था और संघर्ष के दौरान किसकी क्या भूमिका रही, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामूली विवाद में चली गई नौजवान की जान अलाव तापने के दौरान लकड़ी को लेकर शुरू हुई कहासुनी का अंजाम एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया।मामूली विवाद में चली गई नौजवान की जान
अलाव तापने के दौरान लकड़ी को लेकर शुरू हुई कहासुनी का अंजाम एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया।
महज 19 वर्ष की उम्र में मयंक की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर हिंसा और चाकूबाजी की प्रवृत्ति पर लगाम कब लगेगी। शहर में बढ़ती ऐसी घटनाएं आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं।

