जघन्य हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में फैली सनसनी
31 मार्च 2022
रायगढ़-{जनहित न्यूज़}
रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और जशपुर जिले के सीमावर्ती कापू थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की पत्थरों से कुचल कर नृशंस हत्या कर दी गई। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला, उसका बेटा और नातिन शामिल बताये जा रहे हैं। इस जघन्य वारदात की खबर सामने आते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक पहुंचे। बताया गया है कि तीनों की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि एक परिवार के तीन सदस्य महुआ बीनने जंगल गए हुए थे, जहाँ झोपडी में देर रात अज्ञात आरोपी ने पत्थर से कुचल कर उनकी हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ एसडीओपी और कापू थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

