भव्य आयोजन में नवनिहालों सहित सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों ने दी मनमोहक और मार्मिक प्रस्तुति…
15 अगस्त 2024
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] ब्रिलिएण्ट पब्लिक स्कूल, बहतराई में आज़ादी के भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य और आत्मीयता के साथ आयोजन किया गया। जिसमें नवनिहालों सहित सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक और मार्मिक प्रस्तुति के माध्यम से देश के शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों डॉ. अमित वर्मा (सर्जिकल ओंकोलॉजिस्ट, अपोलो हॉस्पिटल) एवं डॉ. प्रेरणा मोहन (ब्लड बैंक इन चार्ज, अपोलो हॉस्पिटल), विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल व बीपीएस निदेशक मंडल से सुरेंद्र अग्रवाल, सुशील अग्रवाल श्रीमती सुनीता अग्रवाल श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमा में उपस्थिति में आजादी का यह उत्सव मनाया गया। स्वतंत्रता सेनानियों को माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रीफेक्ट बोर्ड के सदस्यों को अलंकरण उपरांत उन्हें शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात विद्यार्थियों के योग प्राणायाम, मार्शल आर्ट, हिंदी व अंग्रेज़ी भाषा में जोशीले भाषण, देशभक्ति व प्रेरणादायी गीत एवं यादगार नुक्कड़ नाटक के शानदार प्रदर्शन से ब्रिलिएण्ट का प्रांगण गुंजायमान हो उठा और पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत प्रोत हो गया।

विद्यार्थियों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों में उनके प्रखर व्यक्तित्व निर्माण की झलक सहज रूप में ही परिलक्षित हो रही थी। साथ ही एन.सी.सी. के कैडेट्स तथा सभी हाउस द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट कर राष्ट्रीय-ध्वज को सलामी दी गई। इसके अतिरिक्त सत्र 2023-24 में जिन विद्यार्थियों के द्वारा विशेष उपलब्धियाँ प्राप्त की गईं, उन्हें इस पावन अवसर पर गणमान्य अतिथियों के कर कमलों से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि डॉ. वर्मा ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की बधाई देकर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहकर राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने हेतु तैयार रहने की बात कही। साथ ही डॉ. प्रेरणा ने वर्तमान में “विकसित एवं आधुनिक ब्लड बैंक” की आवश्यकता को संज्ञान में देकर विशेष प्रयास किए जाने की बात की।

इसके उपरांत विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को 78वें स्वतंत्रता दिवस एवं नवनिर्वाचित प्रीफेक्ट बोर्ड के सदस्यों को बधाई दी।

साथ ही निदेशक प्राचार्य डॉ.(श्रीमती) श्रुति गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस व उपलब्धि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई दी तथा राष्ट्र-निर्माण हेतु देशभक्ति भावना से पूर्ण होकर तत्पर रहने की बात की तथा उन्हें सदैव “भारतीय” होने पर गर्व करने की बात कही।

अंत में विद्यालय के कैम्पस कैप्टन कु. सौम्या तिवारी ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं पूरे बीपीएस परिवार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की। तदोपरान्त विद्यार्थियों में मिष्ठान वितरण किया गया।

इस सफल आयोजन में उप-प्राचार्या श्रीमती रोजमेरी लक्ष्मण के कुशल एवं अनुभवी मार्गदर्शन में सभी वॉलंटियर्स (जो कि विद्यार्थियों का एक चयनित समूह है), समन्वयकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का अथक प्रयास सराहनीय रहा।

