छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई उड़ान: सम्मान समारोह में चमके स्थानीय कलाकार-●
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ी सिनेमा और कलाकारों के सम्मान में भाकुरा नवागांव में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी फिल्म “गले लग जा मोर जान” के ट्रेलर का भी भव्य लॉन्च हुआ, जिसने दर्शकों में उत्साह भर दिया।
समारोह में विशेष रूप से अभिनेता अखिलेश पांडे, अभिनेत्री काजल पांडे, डॉ. आरती पांडे, विवेक चंद्र, नेहा पटेल, और पूजा टांडेकर को सम्मानित किया गया। अभिनेता अखिलेश पांडे ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी फिल्मों के उज्जवल भविष्य की उम्मीद जताते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ी सिनेमा के उद्धार के लिए अच्छी फिल्मों का बनना और कलाकारों का सम्मान होते रहना जरूरी है, ताकि कलाकारों में काम करने का जज्बा बना रहे।
फिल्म के निर्माता रामनाथ साहू की सराहना करते हुए, अखिलेश ने कहा कि छोटे से गांव में रहते हुए भी उन्होंने इतना बड़ा काम कर दिखाया, जो प्रेरणादायक है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो न केवल क्षेत्रीय कलाकारों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि दर्शकों को भी अपनी संस्कृति और भाषा से जोड़ने का कार्य करेगा।
यह सम्मान समारोह छत्तीसगढ़ी सिनेमा के प्रति दर्शकों का उत्साह बढ़ाने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक सफल प्रयास साबित हुआ है।

