गरबा परिधान में युवतियों की विवादित रील वायरल…
हिंदू संगठनों ने जताई कड़ी आपत्ति SSP से सख्त कार्रवाई की मांग…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रास गरबा जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन के प्रचार के लिए बनाई गई एक सोशल मीडिया रील अब विवाद का केंद्र बन गई है। वायरल वीडियो में गरबा परिधान पहने युवतियां नजर आ रही हैं। वीडियो के कुछ दृश्यों में एक युवती कथित तौर पर धूम्रपान करते हुए धुएं के छल्ले उड़ाती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी युवती के हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु नजर आ रही है। रील सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने इसे सनातन धर्म और गरबा की धार्मिक गरिमा का कथित अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
आस्था के पर्व को ग्लैमर और विवाद से जोड़ने पर उठे सवाल
गरबा केवल मनोरंजन या नृत्य का आयोजन नहीं, बल्कि नवरात्रि के दौरान देवी आराधना और सनातन परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व माना जाता है। ऐसे में गरबा परिधान और आयोजन के नाम पर धूम्रपान तथा हथियारनुमा वस्तु के प्रदर्शन वाले दृश्यों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हिंदू संगठनों का कहना है कि धार्मिक आयोजन की पहचान और परंपराओं को इस तरह के आपत्तिजनक दृश्यों के साथ जोड़ना श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। संगठनों ने रील बनाने और प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
SSP कार्यालय पहुंचा हिंदू संगठन, कार्रवाई की मांग-:
विवादित रील सामने आने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े प्रतिनिधि एसएसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, रील शिफा मैथ्यूज नामक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की गई है। संगठन ने वीडियो तैयार करने, पोस्ट करने और उसे आगे प्रसारित करने वालों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रील के जरिए गरबा जैसे धार्मिक आयोजन की छवि को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे सनातन धर्म की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
पिस्टल असली या नकली? जांच के बाद होगा खुलासा-:
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती के हाथ में दिखाई दे रही वस्तु वास्तविक हथियार है अथवा शूटिंग के लिए इस्तेमाल किया गया कोई प्रॉप। इसके साथ ही वीडियो की शूटिंग की जगह, समय, उसमें शामिल लोगों और सोशल मीडिया पर इसके प्रसारण से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

SSP रजनेश सिंह ने दिए जांच के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को वायरल वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में वास्तव में क्या दिखाया गया है और क्या इसमें किसी कानून का उल्लंघन हुआ है।

फिलहाल विवादित रील ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। एक ओर आयोजनों के प्रचार में नए दौर की सोशल मीडिया रणनीति अपनाने की बात है, तो दूसरी ओर धार्मिक आयोजनों की मर्यादा और सनातन परंपराओं के सम्मान को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी है।

