कलेक्टर के निर्देश पर अवैध शराब फैक्टरी पर चला बुलडोजर..बिल्डिंग हुई जमींदोज…!
बिलासपुर {जनहित न्यूज़}बिलासपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घुटकू में एक अवैध शराब फैक्टरी को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर की गई।
जहरीली शराब से नौ की मौत, सख्त हुआ प्रशासन की कार्रवाई। हाल ही में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई थी। इसके बाद जिला प्रशासन अवैध शराब के कारोबारियों पर शिकंजा कसने में जुट गया है।

कैसे किया जा रहा था अवैध शराब का कारोबार?
शराब कोचिया केदार लोनिया ने गांव की सार्वजनिक जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बना लिया था। इस मकान में अवैध शराब का निर्माण और बिक्री की जाती थी। यहां आसपास के गांवों से लोग शराब पीने भी आते थे।
बुलडोजर से ध्वस्त किया गया अवैध मकान
तहसीलदार श्रद्धा सिंह के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गांव में दबिश दी और बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बने मकान को गिरा दिया। केदार लोनिया पहले से ही आबकारी एक्ट के तहत चार मामलों में जेल में बंद है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन ने गांव में छह और शराब कोचियों को चिन्हित किया है, जिन पर जल्द ही कार्रवाई होगी।

कार्रवाई में शामिल अफसर:
तहसीलदार श्रद्धा सिंह
कोनी टीआई नवीन देवांगन
राजस्व निरीक्षक होमेश्वर प्रताप सिंह
पटवारी सूर्य प्रकाश शुक्ला, अमित तिर्की
कोटवार और बड़ी संख्या में पुलिस बल रहे शामिल। अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होगा, ताकि जिले को अवैध शराब के जहर से मुक्त किया जा सके।

