चार लोगों ने मिलकर युवक को उतारा मौत के घाट चारों आरोपी गिरफ़्तार
बिलासपुर {जनहित न्यूज़} बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़गन में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
एक युवक की उसके ही पड़ोसियों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुआ विवाद?
पुलिस जांच में पता चला कि 55 वर्षीय श्याम अंचल अपने घर के सामने गली में पत्थर और मिट्टी डालकर रास्ता ऊंचा बना रहा था। किसी ने उन पत्थरों को हटा दिया, जिससे नाराज होकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान 27 वर्षीय खेमराज बंजारे ने श्याम से पूछा कि वह किसे गाली दे रहा है? बस, इतनी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि श्याम अंचल और उसके दोनों बेटे लक्ष्मण अंचल (29) और मुकेश अंचल (26) ने खेमराज से मारपीट शुरू कर दी।
बेरहमी से की हत्या
आरोपियों ने डंडे, सब्बलनुमा बरछी और भारी पत्थरों से खेमराज पर हमला कर दिया। सिर पर जोरदार वार होने के कारण खेमराज की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात में श्याम अंचल की पत्नी सीताबाई अंचल (50) ने भी मदद की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज कुमार की टीम मौके पर पहुंची। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी:
1. श्याम अंचल (55 वर्ष)
2. लक्ष्मण अंचल (29 वर्ष)
3. मुकेश अंचल (26 वर्ष)
4. सीताबाई अंचल (50 वर्ष)
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

