
छापेमारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन प्रधानमंत्री मोदी व ईडी का किया पुतला दहन-●
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निवास सहित 14 ठिकानों पर 10 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने आज नेहरू चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईडी का पुतला दहन किया। दोपहर में कांग्रेस भवन में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए नेहरू चौक तक मार्च निकाला। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें चकमा देते हुए डबल पुतला दहन कर दिया।
इस दौरान पुलिस पानी की बोतल लेकर आग बुझाने के प्रयास में दौड़ती रही, जबकि कांग्रेसजन जलते पुतले के साथ आगे बढ़ते रहे। भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार अपने विरोधियों को डराकर शासन चलाना चाहती है। अगर केंद्रीय एजेंसियां इतनी ही सक्रिय थीं, तो नीरव मोदी, ललित मोदी और मेहुल चौकसी देश छोड़कर कैसे भाग गए?”
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने सवाल उठाया कि भूपेश बघेल के घर किस केस में छापा मारा गया? उन्होंने दावा किया कि ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के परिवार से जुड़े भ्रष्टाचार के सबूतों को मिटाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर हमला
विजय केशरवानी ने भाजपा सरकार की नाकामी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक साल में छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन चुका है। “बच्चियों के साथ रेप, मर्डर, लूट और साइबर क्राइम की घटनाएं बढ़ रही हैं। भाजपा इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्ष को दबाने में लगी है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा देश में अघोषित आपातकाल लागू कर रही है और विपक्ष व निष्पक्ष पत्रकारों को निशाना बना रही है। “भाजपा की देशभक्ति 15 अगस्त 1947 के बाद की है। इससे पहले वे अंग्रेजों की स्वामीभक्ति में लीन थे,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी।इस विरोध प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व विधायक रश्मि आशीष सिंह, पूर्व महापौर रामशरण यादव, प्रदेश संयुक्त महामंत्री देवेंद्र सिंह और पंकज सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।