बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर होली के मौके पर गोल बाजार इलाके में नशे में धुत कुछ युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया और आम जनता के साथ मारपीट करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पुलिस को ही गाली-गलौज करते हुए धमकाना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वे 18 चक्का ट्रक के ड्राइवर हैं और जब चाहें, पुलिसकर्मियों को कुचल सकते हैं। जब पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे आरक्षक धनेश साहू और महिला आरक्षक पुष्पा खरे घायल हो गए।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों संजू यादव, रविशंकर यादव और गौरी शंकर यादव (निवासी चांटीडीह, सरकंडा, बिलासपुर) को गिरफ्तार कर लिया। यदि इन्हें समय पर नहीं पकड़ा जाता, तो यह कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे।
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 145/25 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 221(1) बीएनएस में केस दर्ज कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की मुस्तैदी से बची बड़ी घटना
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक चंदन सिंह मरकाम, आरक्षक गोकुल जांगड़े, नुरूल कादिर, टंकेश साहू, धनेश साहू और महिला आरक्षक पुष्पा खरे की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही और बड़ी अप्रिय घटना होने से बच गई।

