तीन दिवसीय भव्य आयोजन में देश के हर कोने से श्रद्धालुओ का उमड़ा जन सैलाब…
रायपुर-{जनहित न्यूज़} शदाणी दरबार तीर्थ में पूज्य सतगुरु संत राजाराम साहेब जी का 65वां वर्सी महोत्सव 21 से 24 मार्च 2025 तक भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न आध्यात्मिक व सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

मेडिकल सेवाओं का रजत वर्ष: विशाल मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन
इस वर्ष वर्सी महोत्सव में मेगा मेडिकल सेवाओं का रजत वर्ष मनाया गया, जिसके अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल से विश्वविख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज अवस्थी और गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. निधि अवस्थी ने अपनी सेवाएं दीं। साथ ही, डॉ. भीष्म शदाणी, डॉ. अजीत शदाणी, डॉ. आवतराम बत्रा, डॉ. तुलसी माखीजा, डॉ. अदिति शदाणी, डॉ. मानसी शदाणी और डॉ. किरण शदाणी सहित अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान 500 से अधिक लोगों की थैलेसीमिया व अन्य जांचें निःशुल्क की गईं।

भक्ति, सेवा और अध्यात्म के संगम से सराबोर कार्यक्रम
वर्सी महोत्सव के तीसरे दिन आशादीवार भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई। श्रीमद्भागवत गीता और रामचरितमानस के पाठ की पूर्णाहुति की गई, जिसके बाद भव्य महा आरती का आयोजन हुआ।

इस पावन अवसर पर अखिल भारतीय शदाणी सेवा मंडल की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पूरे भारत में सेवा कार्यों के विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
इस महोत्सव में हरिद्वार गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, साईं हरीश लाल (लखनऊ), साईं राजेश लाल, स्वामी राजीव लोचन (चित्रकूट), विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, संगठन मंत्री पवन साय, सिंधी सांसद शंकर लालवानी (इंदौर), ललित जयसिंह और चेतन तारवानी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

24 मार्च: महा पल्लव प्रार्थना महासभा का आयोजन
महोत्सव के अंतिम दिन महापल्लव (प्रार्थना महासभा) का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने मनोकामनाओं की पूर्ति एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थनाएं कीं।

शदाणी दरबार द्वारा आयोजित यह वर्सी महोत्सव सेवा, अध्यात्म और भक्ति के संगम का अनूठा उदाहरण बना, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

