मोदी ने छत्तीसगढ़ को दी 33,700 करोड़ रुपए की विकास कार्यों की सौगात…
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} छत्तीसगढ़ के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को 33,700 करोड़ रुपए से अधिक की बहुआयामी परियोजनाओं की सौगात दी। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत किया और उनके प्रति गहरी कृतज्ञता प्रकट की।

छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य की ओर ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास की गई ये परियोजनाएं राज्य में अधोसंरचना, ऊर्जा, परिवहन, आवास और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास लेकर आएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गारंटी पर जनता ने जो भरोसा जताया, उसका परिणाम डबल इंजन सरकार के रूप में सामने आया, और अब स्थानीय निकाय चुनावों में तीसरा इंजन भी जुड़ चुका है। यह छत्तीसगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

2047 के विकसित भारत की दिशा में छत्तीसगढ़ की भागीदारी प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को छत्तीसगढ़ साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य ऊर्जा, खनिज और कृषि के क्षेत्र में राष्ट्रीय आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे इनसे लाखों लोगों को लाभ मिला है। साथ ही, रेल, सड़क, एयर कनेक्टिविटी और डिजिटल नेटवर्क के तेजी से विस्तार से राज्य की प्रगति को नई गति मिली है।

आदिवासी विकास को नई दिशा, आत्मनिर्भरता की ओर कदम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-मन, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ को एक नई दिशा दी है।

उन्होंने अयोध्या में श्रीरामलला के भव्य मंदिर निर्माण और प्रयागराज महाकुंभ के भव्य आयोजन को भारतीय संस्कृति की विश्वव्यापी पहचान बताया। भारत अब दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, और इसमें छत्तीसगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति, पारदर्शी शासन की प्रतिबद्धता प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है। पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन ही राज्य की असली ताकत बनेगा।

छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि जब-जब छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मांग की गई, तब-तब अपेक्षा से अधिक सहयोग मिला।

उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और इसे छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक निर्णायक कदम बताया।

