बिलासपुर में कल होगा सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल, प्रशासन ने की तैयारियां पूर्ण…!
बिलासपुर- [जनहित न्यूज़] 7 मई को पूरे देश के साथ-साथ बिलासपुर में भी सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सही प्रतिक्रिया देना सिखाना और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है।
बोले… कलेक्टर…
“पहले से तैयार रहना ही बचाव का सबसे कारगर तरीका है।

इस महत्त्वपूर्ण अभ्यास की तैयारी की समीक्षा आज कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने मंथन सभाकक्ष में की।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह एक जागरूकता अभियान है जिससे आपदा की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।
बैठक में एनटीपीसी, एसईसीएल, एयरपोर्ट, रेलवे सहित कई प्रमुख संस्थान और सुरक्षा एजेंसियों जैसे एनसीसी, एनएसएस, होम गार्ड्स, रेडक्रास सोसायटी के प्रतिनिधि मौजूद थे। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाएंगे और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा। साथ ही ब्लैक आउट की स्थिति में बिजली प्रबंधन की भी तैयारी की जाएगी।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि यह ड्रिल केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर की जा रही है। उन्होंने स्वयंसेवकों, एनसीसी, एनएसएस और पूर्व सैनिकों की सूची तैयार करने पर बल दिया और कहा कि सोशल मीडिया या अन्य स्रोतों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 7 मई को पूरे दिन में किसी भी समय संस्थाएं अपनी सुविधा अनुसार ड्रिल आयोजित कर सकती हैं। यह अभ्यास भविष्य में किसी भी आपातकाल से निपटने में नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाएगा।

