‘चेतना’ पहल ने रचा सामुदायिक पुलिसिंग का नया अध्याय…
ग्रामीण सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और जनसहभागिता की मिसाल बनी कोटा पुलिस की चेतना मित्र समिति…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर जिले में पुलिसिंग का एक नया और सराहनीय अध्याय रचते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में ‘चेतना’ पहल ने सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि साइबर अपराध, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और महिला-बाल संरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर प्रभावी जन-जागरूकता भी फैला रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह की दूरदर्शी सोच और समाजोन्मुखी दृष्टिकोण ने कोटा पुलिस को एक नई पहचान दी है। चेतना मित्र समिति की स्थापना पहले भरारी गाँव में की गई थी, जहाँ इसके सकारात्मक परिणाम साफ़ देखने को मिले अवैध शराब पर कड़ी कार्रवाई से लेकर महिला-बाल अपराधों में गिरावट तक। इन सफलताओं के मद्देनज़र अब यह मॉडल नेवरा और अमने गाँवों में भी प्रभावशाली तरीके से लागू किया गया है।

इस अभियान की ज़मीनी क्रियान्वयन में थाना कोटा के प्रभारी आईपीएस (प्रशिक्षु) सुमित कुमार सहित उनि राज, उनि मीना ठाकुर और आर. भोप साहू जैसे अधिकारियों की अहम भूमिका रही है।
‘चेतना’ सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन बनता जा रहा है — जहाँ पुलिस और आम जनता साथ मिलकर न केवल अपराध से लड़ रहे हैं, बल्कि एक संवेदनशील, जागरूक और सुरक्षित समाज की नींव भी रख रहे हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह की यह पहल दर्शाती है कि पुलिसिंग जब जन-सहभागिता के साथ जुड़ती है, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक और स्थायी होता है।

