केंद्र सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में किया गया अभ्यास…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता और तैयारियों की परख के उद्देश्य से बुधवार को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में एक एयर डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह आयोजन केंद्र सरकार के निर्देशानुसार देशभर में आयोजित मॉक ड्रिल के तहत हुआ, जिसमें बिलासपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में यह अभ्यास संपन्न हुआ।

ड्रिल के दौरान एसईसीएल की सुरक्षा टीम ने अधिकारी एवं कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।

टीम ने प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से यह समझाया कि आपदा की स्थिति में किस प्रकार सतर्कता और संयम बरतते हुए क्षति को न्यूनतम किया जा सकता है।

एसईसीएल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभ्यास न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि आपदा के समय उनकी प्रतिक्रिया क्षमता को भी बेहतर बनाते हैं।

