फास्टरपुर पुलिस की कार्रवाई मुख्य आरोपी सरजू बघेल गिरफ्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली धान खरीदी में करोड़ों रुपए के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फास्टरपुर पुलिस ने धान खरीदी केन्द्र तरवरपुर में पदस्थ प्रभारी सरजू बघेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने वर्ष 2024-25 में 2094.64 क्विंटल धान, जिसकी कीमत ₹65 लाख 2 हजार 684 रुपए है, का गबन कर सरकारी अमानत में खयानत की है।
मामले की जांच सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक मुंगेली की रिपोर्ट के आधार पर शुरू हुई थी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तरवरपुर धान खरीदी केंद्र में खरीदी गई 39,767 क्विंटल धान में से 3362 क्विंटल धान ऑनलाईन तो दर्शाया गया, लेकिन भौतिक रूप से मौजूद नहीं पाया गया। जांच में 2094.64 क्विंटल धान गायब मिला, जिसकी कीमत लाखों में थी।
इस गबन की शिकायत सुमरनदास मानिकपुरी, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर शाखा सेतगंगा ने 07 अक्टूबर 2025 को थाना फास्टरपुर में की थी। प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल ने तत्काल संज्ञान लिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की।
टीम ने जांच के दौरान आरोपी सरजू बघेल के घर ग्राम फंदवानीकापा में दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धान खरीदी रजिस्टर एवं अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

आरोपी सरजूराम बघेल पिता छोटकू राम बघेल (46 वर्ष) निवासी फंदवानीकापा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के विरुद्ध थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 65/2025, धारा 318(4), 316(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर 08 अक्टूबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस ने इस कार्रवाई को धान खरीदी घोटालों पर अब तक की बड़ी कार्रवाई बताया है।
इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी फास्टरपुर गिरीजा शंकर यादव, सउनि. विजय बंजारे, आरक्षक तीजराम यादव, अतुल सिंह, बुंदेल पटेल सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
- धान खरीदी में 65 लाख का गबन तरवरपुर केंद्र प्रभारी गिरफ्तार
- धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
- अमानत में खयानत: सरकारी धान हड़पने वाला केंद्र प्रभारी सलाखों के पीछे

