भावपूर्ण कथा और प्रेरक संदेशों के बीच मिनोचा कॉलोनी हुआ कृष्णमय…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर श्री प्रेम सेवा परिवार के तत्वावधान में मिनोचा कॉलोनी स्थित कथा स्थल पर आयोजित विश्व विख्यात कथा वाचक जया किशोरी की नानी बाई का मायरा कथा एवं भजन कार्यक्रम के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। भक्ति गीतों, भावपूर्ण कथा और प्रेरक संदेशों के बीच पूरा पंडाल कृष्णमय हो गया। आज 11 जनवरी को कथा का अंतिम दिन है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू परिवार सहित कथा श्रवण के लिए पहुंचे। उनके साथ प्रदेश शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, बिलासपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने जया किशोरी के श्रीमुख से मायरा कथा का श्रवण किया।

कथा के दौरान जया किशोरी ने नरसिंह मेहता के जीवन प्रसंग को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैसे नरसी जी को मायरे का निमंत्रण मिला, लेकिन उनके पास देने के लिए कुछ भी नहीं था। टूटी हुई बैलगाड़ी, कपड़े की पोटली और तुंबा लेकर वे मायरा भेजने निकले। उन्हें निर्धन जानकर समाज ने दूरी बना ली, यहां तक कि बैलगाड़ी भी रास्ते में टूट गई और बैलों को चोट लग गई। ऐसे कठिन समय में भगवान ठाकुर जी स्वयं सहायता के लिए आगे आए और मायरे की गाड़ी को संभाला। जया किशोरी ने बताया कि लगभग 500 वर्ष पूर्व भगवान ने नरसी जी के लिए 56 करोड़ का मायरा भेजा था, जो भक्ति, विश्वास और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है।

जया किशोरी ने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा भक्ति का अर्थ यह नहीं कि आप मेहनत छोड़ दें। पढ़ाई करनी पड़ेगी, काम करना पड़ेगा। परीक्षा में भगवान पेपर बनाने नहीं आते। भक्ति का असली अर्थ है विपरीत परिस्थितियों में डटकर खड़े रहना।”

उन्होंने कुंडली में लिखे राजयोग पर भी संदेश देते हुए कहा कि परिस्थितियों से मुकाबला करने पर ही राजयोग जैसी स्थिति बनती है।
कथा के दौरान सामाजिक संदेश देते हुए जया किशोरी ने कहा कि विवाह जैसे मांगलिक कार्यों में खुशियां बांटनी चाहिए, न कि छोटी-छोटी बातों पर नाराज होना चाहिए। लड़की की शादी में सहयोग और सद्भाव जरूरी है।

आज कथा पंडाल में 15 मिनट के लिए बिजली बंद कर मोबाइल की रोशनी में भगवान कृष्ण के भक्ति गीतों का श्रवण किया गया, जिससे वातावरण अत्यंत भावुक और भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक अमर अग्रवाल ने जया किशोरी को बिलासपुर में 12 जनवरी से प्रारंभ होने वाली संत श्री विजय कौशल महाराज की राम कथा की कलश यात्रा का आमंत्रण भी दिया।

श्री प्रेम सेवा परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि आज 11 जनवरी (रविवार) को अंतिम दिन दोपहर 2:30 बजे से पूर्व कथा स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करें। अंतिम दिन मायरा भरने के विशेष वर्णन के साथ कथा का समापन होगा। महिलाओं से पीले एवं लाल वस्त्र धारण कर आने का भी आग्रह किया गया है।

अंतिम दिन की कथा में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्री प्रेम सेवा परिवार ने सभी भक्तजनों से आग्रह किया है कि समय पर पहुंचकर जया किशोरी की भजन-कथा का पुण्य लाभ अवश्य लें।

