कंपनी से विद्युत सामान चोरी कर कबाड़ी को बेचने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशों पर मुंगेली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी के एक अज्ञात प्रकरण का खुलासा कर दिया। पुलिस ने करीब 1.38 लाख रुपये के चोरी गए विद्युत सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए दो चोरों सहित एक कबाड़ी खरीददार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला थाना सिटी कोतवाली मुंगेली का है, जहां एस.टी. इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर इंचार्ज सौरभ श्रीवास ने कंपनी के स्टॉक से भारी मात्रा में विद्युत सामग्री चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 17/26 धारा 303(2), 317(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में सायबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर गडगडिया नाला के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में दबिश दी गई, जहां से करीब 12.55 क्विंटल चोरी का लोहे का सामान बरामद किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि कंपनी के ही कर्मचारी तामरज साहू और भुनेश्वर साहू ने चोरी कर सामान कबाड़ी असगर खान को बेचा था। पुलिस ने मौके से चोरी की सामग्री के साथ-साथ आरोपियों से नगद रकम भी जब्त की।

पुलिस ने तीनों आरोपियों…
असगर खान (कबाड़ी)
तामरज साहू, भुनेश्वर साहू को विधिवत गिरफ्तार कर 14 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस सफल कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित सिटी कोतवाली व सायबर सेल स्टाफ की अहम भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से चोरी व कबाड़ी नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।

