GGU के छात्र ने की आत्मदाह की कोशिश हालत नाजुक कारण अब भी बना है रहस्य…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय के एक छात्र ने आत्मदाह करने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल छात्र की पहचान आयुष यादव के रूप में हुई है, जो GGU में बीए एलएलबी का छात्र बताया जा रहा है। आयुष मूल रूप से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और बिलासपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। संयोगवश, आज से उसकी परीक्षा भी शुरू होने वाली थी।

घटना से ठीक पहले छात्र ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भावुक स्टोरी पोस्ट की, जिससे उसके मानसिक तनाव में होने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार आत्मदाह की कोशिश से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सोशल मीडिया गतिविधियों सहित सभी डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है।
फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

पुलिस पारिवारिक, शैक्षणिक, मानसिक और सामाजिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
यह घटना न केवल विश्वविद्यालय परिसर बल्कि पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

