मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की प्रभावी निगरानी और दूरदर्शी नेतृत्व में मुंगेली जिले में यातायात व्यवस्था अब नई दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस द्वारा चलाया जा रहा व्यापक जागरूकता अभियान न केवल दुर्घटनाओं में कमी लाने की ओर कदम है, बल्कि आम नागरिकों में जिम्मेदार सड़क व्यवहार की मजबूत नींव भी रख रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में यातायात टीम ने स्कूलों, चौक–चौराहों और ग्रामीण हाट बाजारों तक पहुंचकर नुक्कड़ नाटक, रैलियों, पोस्टर पाम्फलेट और प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनमानस को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। बच्चों की भागीदारी ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया कि आने वाली पीढ़ी सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षा से जोड़कर देख रही है।

एसएसपी भोजराम पटेल की सतत मॉनिटरिंग और रणनीतिक दिशा–निर्देशन से जिले में सुगम, सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था का लक्ष्य साकार होता दिख रहा है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से हेलमेट सीट बेल्ट के प्रयोग, नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल से दूरी रखने और यातायात संकेतों के पालन की अपील करते हुए कहा कि, सड़क पर सतर्कता ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।

मुंगेली में चल रहा यह अभियान अब केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ता एक सशक्त जनआंदोलन बनता जा रहा है।

