पुलिसिंग व्यवस्था में कसावट लाने सभी थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने आज जिला मुंगेली के प्रवास के दौरान पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने थाना जरहागांव, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, साइबर सेल, अपग्रेडेड कंट्रोल रूम, फिंगर प्रिंट शाखा तथा थाना सिटी कोतवाली का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

प्रवास की शुरुआत थाना जरहागांव के औचक निरीक्षण से हुई, जहां रजिस्टरों की जांच कर निगरानी व गुण्डा बदमाशों की नियमित चेकिंग, रोजनामचा संधारण, परिसर की स्वच्छता, सीसीटीएनएस एवं साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली में नवनिर्मित प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुंदन कुमार, एसएसपी भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कीर छाबड़ा, मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में आईजी श्री गर्ग ने सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में कमी लाने, साइबर तकनीक के अधिकतम उपयोग से अपराध रोकने, बीट प्रणाली के माध्यम से आम नागरिकों से संवाद बढ़ाने, सशक्त एप के जरिए चोरी हुए वाहनों की शीघ्र बरामदगी, प्रत्येक थाना-चौकी में अनुभव क्यूआर कोड से जनता का फीडबैक लेने तथा बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

क्राइम मीटिंग के दौरान नियमित पेट्रोलिंग, आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी, रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ, असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई और बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। गंभीर मामलों में थाना प्रभारी स्वयं विवेचना कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी गई।
आईजी श्री गर्ग ने सशक्त एप के माध्यम से राज्यभर में लावारिस वाहनों की पहचान और चोरी गए वाहनों की बरामदगी की प्रक्रिया समझाई। मुंगेली जिले में हाल ही में पांच मोटरसाइकिलों की बरामदगी पर उन्होंने पुलिस टीम की सराहना की।

सायबर सेल निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनसीसीआरपी पोर्टल की शिकायतों को लंबित न रखने, म्यूल बैंक खातों व फर्जी सिम जारी करने वाले पीओएस एजेंटों पर कड़ी कार्रवाई, सीईआईआर पोर्टल से गुम मोबाइलों की रिकवरी तथा स्कूल-कॉलेजों में साइबर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

सिटी कोतवाली भ्रमण में रिकॉर्ड दुरुस्त रखने और जनता से मधुर व्यवहार पर जोर देते हुए उन्होंने अपग्रेडेड कंट्रोल रूम, हाईटेक कैमरों और फिंगर प्रिंट शाखा का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए फिंगर प्रिंट स्टाफ को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने जिले की कानून-व्यवस्था और एसएसपी भोजराम पटेल की जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक के साथ सशक्त और संवेदनशील पुलिसिंग ही आमजन के विश्वास को मजबूत करेगी।

