मिनीबस्ती में रेड भोपाल तक पहुंची कार्रवाई…भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां अत्याधुनिक हथियारो सहित दो आरोपी गिरफ़्तार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
अवैध नशे के कारोबार और हथियारों की सप्लाई करने वाले अंतर्राज्य गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने जोरदार चोट करते हुए मिनीबस्ती क्षेत्र में सघन रेड अभियान चलाया। विशेष टीम की इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां, अत्याधुनिक पिस्टल, कारतूस और मैग्जीन जब्त की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित संयुक्त विशेष टीम जिसमें थाना सिविल लाईन, तारबाहर एवं पुलिस लाइन के जवान शामिल थे। बदमाशों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी स्वराज कुर्रे के पास से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नाइट्राजेपाम टैबलेट, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा की जा रही थी, जो पहले भी बिलासपुर में हथियार सप्लाई के मामलों में संलिप्त रह चुका था और फरार चल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने दूसरी विशेष टीम गठित कर भोपाल रवाना किया। स्थानीय इनपुट के आधार पर दबिश देकर आरोपी को एक पिस्टल और दो मैग्जीन के साथ धर दबोचा गया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं धीरेन्द्र तोमर की पुलिस रिमांड लेकर नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और सहयोगियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अब इस गिरोह की अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों की पहचान कर आर्थिक मोर्चे पर भी कड़ा वार करने की तैयारी में है।


गिरफ्तार आरोपी:-
- स्वराज कुर्रे, पिता स्व. छन्नु कुर्रे, उम्र 20 वर्ष, निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाईन, जिला बिलासपुर।
- धीरेन्द्र सिंह तोमर, पिता सरनाम सिंह तोमर, उम्र 37 वर्ष, निवासी बी-84 क्रिस्टल आईडियल सिटी अवधपुरी, थाना अवधपुरी, जिला भोपाल (म.प्र.)

