रिश्वत के खिलाफ ACB का करारा प्रहार….अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव रिश्वत लेते गिरफ्तार…!
जांजगीर/पामगढ़-[जनहित न्यूज़] भ्रष्टाचार के विरुद्ध एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए पामगढ़ तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज कार्रवाई से पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारी चोरभट्टी धान खरीदी केंद्र का भौतिक सत्यापन और टोकन काटने से जुड़ी जांच कर रहे थे। आरोप है कि अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले उन्होंने केंद्र प्रभारी से रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर प्रभारी ने बिलासपुर स्थित ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
आज जैसे ही तहसील कार्यालय में रिश्वत की राशि सौंपी गई, वैसे ही पहले से तैनात ACB टीम को संकेत दिया गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को दबोच लिया गया। तलाशी में वही नोट बरामद हुए, जिन पर रासायनिक पाउडर लगाया गया था। हाथ धुलवाने पर दोनों के हाथों का रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
इसके बाद ACB टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। चूंकि इसी परिसर में SDM कार्यालय और व्यवहार न्यायालय भी स्थित हैं, इसलिए कार्रवाई की खबर फैलते ही वकीलों और आम नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि सरकारी जिम्मेदारी संभालने के बाद आखिर कुछ लोग जनसेवा की जगह निजी लाभ को क्यों प्राथमिकता देने लगते हैं?
ACB की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, कानून की नजर से बच नहीं सकता।

