स्वीकृत कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं…
लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर आज नगर निगम के दृष्टि सभाकक्ष में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया को लेकर सख्त संदेश दिया। बैठक में निगम के इंजीनियरों और अधिकारियों की मौजूदगी में कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि कम दर पर स्वीकृत कार्यों में भी गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

निगम कमिश्नर ने बारिश से प्रभावित होने वाले सभी कार्य 15 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि जो कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही सभी जोन क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा कर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में ठेकेदारों ने बिलिंग में देरी, गैर-तकनीकी व्यक्तियों के हस्तक्षेप और फंड जारी होने में विलंब जैसी समस्याएं सामने रखीं। इस पर निगम कमिश्नर ने बिल भुगतान के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय करने और फंडिंग से जुड़ी अड़चनों को शीघ्र दूर करने का भरोसा दिलाया।

दस्तावेजी प्रक्रिया के सरलीकरण और भुगतान चैनल के पुनर्निर्धारण की मांग पर भी उन्होंने गंभीरता से विचार कर विश्लेषण कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सीई राजकुमार मिश्रा, ईई प्रवीण शुक्ला, एसपी साहू, अनुपम तिवारी, जेडी वित्त श्री निर्मलकर, सब इंजीनियर सहित ठेकेदार संघ के अध्यक्ष अभिषेक सिंह तथा राजकुमार तिवारी, कमल सिंह, जितेंद्र सोनी, नरेंद्र चित्रकार, विवेक ताम्रकार, आनंद बुधोलिया, अशोक तिवारी, सौरभ मिश्रा, राजन जायसवाल, मनीष सोनी, रोमेश पाण्डेय, शशिकांत मिश्रा, शैलेष मिश्रा, संजय मुरारका, नितिन सिन्हा, मनोज मिश्रा, अंबर चतुर्वेदी, रितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ठेकेदार उपस्थित रहे।

