साइबर अपराधी युवक को तोरवा पुलिस ने धर-दबोचा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती की निजी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसे बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 जनवरी 2026 को पीड़िता थाना तोरवा पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 77 एवं आईटी एक्ट की धारा 67(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी का लोकेशन ट्रेस किया गया, जो अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा का निकला। इसके बाद थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई, जहां से आरोपी सुमीत रात्रे (21 वर्ष), निवासी सूर्या विहार पाटनार कॉलोनी, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर को पकड़ा गया। पूछताछ और मोबाइल जांच में उसने अपराध स्वीकार किया।
05 फरवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सोच-समझकर करें सोशल मीडिया का इस्तेमाल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें। किसी की निजता से खिलवाड़ करना कानूनन अपराध है और इसके लिए कठोर सजा का प्रावधान है। यदि किसी को ऑनलाइन उत्पीड़न या ब्लैकमेलिंग जैसी घटना का सामना करना पड़े, तो तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें।

