नाली में खाद्य पदार्थ डालने पर होटल रेड डायमंड पर 5000 रुपये का ठोंका जुर्माना…अनुपस्थित कर्मचारियों को किया नोटिस जारी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। सुबह क्षेत्र निरीक्षण से लेकर शाम को अधिकारियों की बैठक तक, कमिश्नर ने हर स्तर पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुबह निरीक्षण के दौरान तोरवा क्षेत्र स्थित होटल रेड डायमंड द्वारा नाली में खाद्य पदार्थ फेंकने का मामला सामने आया, जिससे नाली जाम हो गई थी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निगम कमिश्नर के निर्देश पर होटल पर ₹5000 का जुर्माना लगाया गया।

इसके बाद शाम को विकास भवन में स्वच्छता निरीक्षकों और सर्वेक्षण के नोडल अधिकारियों की बैठक लेते हुए सर्वे ने दो टूक शब्दों में कहा कि सफाई और कचरा कलेक्शन कार्य तय समय पर होना चाहिए। सभी सेनेटरी इंस्पेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की सफाई और सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने सड़क किनारे रखे गए सीएंडडी (निर्माण मलबा) को हटाने और दोषियों पर जुर्माना लगाने के लिए अभियान चलाने के आदेश दिए। साथ ही ‘निदान’ के माध्यम से आ रहे मामलों का त्वरित निराकरण करने पर ज़ोर दिया गया।

बैठक में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, नालियों और जालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा गली-मोहल्लों में कचरा फेंके जाने वाले स्थानों के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए।
शहर के सभी होटल और शादी भवनों को नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी देने को कहा गया कि खाद्य अपशिष्ट को केवल कचरा कलेक्शन वाहन के माध्यम से ही निस्तारित करें। भविष्य में गंदगी फैलाने पर इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अनुपस्थित कर्मचारियों पर भी गिरी गाज
बैठक में गैरहाज़िर कर्मचारियों को नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी निगम कमिश्नर द्वारा दिए गए।

