कोटवार सम्मेलन से बीट सिस्टम को मिली नई मजबूती…रतनपुर कोटा व बेलगहना क्षेत्र के 70 ग्राम कोटवार हुए शामिल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने विशेष फोकस शुरू किया है। इसी क्रम में कोटा सबडिवीज़न में दिनांक 7 फरवरी 2026 को ग्राम कोटवारों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें थाना रतनपुर, कोटा एवं बेलगहना क्षेत्र के लगभग 60–70 ग्राम कोटवार शामिल हुए।

पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती नूपुर उपाध्याय ने ग्राम कोटवारों को संबोधित किया।

उन्होंने बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण, नशा विरोधी अभियान, साइबर अपराध से बचाव, बाहरी घुमक्कड़ गिरोहों पर निगरानी तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में ग्राम स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सम्मेलन में कोटवारों को गांवों में आने-जाने वाले अपरिचित व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों एवं गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने, समय रहते पुलिस को सूचना देने तथा बीट प्रणाली के तहत स्थानीय पुलिस से निरंतर संपर्क बनाए रखने की समझाइश दी गई।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मजबूत बीट सिस्टम और ग्राम स्तर पर समन्वय ही अपराध रोकथाम की सबसे प्रभावी कड़ी है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में पुलिस की पकड़ को और मजबूत करना तथा संभावित अपराधों को प्रारंभिक स्तर पर ही रोकना रहा। एसएसपी रजनेश सिंह के इस ग्रामीण-केंद्रित दृष्टिकोण को जिले में कानून-व्यवस्था के लिए एक नई और सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

