भीषण सड़क हादसे में खुशियां मातम में बदल गईं…चार की दर्दनाक मौत एक की हालत गंभीर…! देख वीडियो…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में खुशियां मातम में बदल गईं। शादी की सालगिरह मनाकर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। टक्कर के बाद ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे में छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), निवासी ग्राम कुवागांव थाना तखतपुर; विशाल लहरें (25 वर्ष) एवं अनमोल लहरें (14 वर्ष), निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव जिला मुंगेली; तथा सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा की मौत हो गई। घायल युवक की पहचान प्रकाश रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव थाना तखतपुर के रूप में हुई है।
देख वीडियो…
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।

