53.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार 3.81 लाख की जप्ती…!
बिलासपुर/मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंगेली पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज के तहत ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
श्मशान घाट के पास घेराबंदी, 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद थाना जरहागांव क्षेत्र में साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए श्मशान घाट के पास एकत्र हो रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई, जहां से 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग ₹2,65,000),
6 मोबाइल फोन (₹50,000),
एक होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 1199 (₹65,000),
और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (₹1,000) जप्त की गई।
कुल जुमला जप्ती करीब ₹3,81,000 आंकी गई है।
नैनी, प्रयागराज से लाते थे ब्राउन शुगर
पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने बताया कि वह ब्राउन शुगर उत्तरप्रदेश के नैनी, प्रयागराज से नगद व ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से खरीदकर लाता था और साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में खपाता था।
मामले में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:-
समीर कश्यप (24) निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
सियाराम कश्यप (25) निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
विरेन्द्र श्रीवास (34) निवासी डीलवापारा, जरहागांव
लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35) निवासी महामाया पारा, जरहागांव
रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27) निवासी छतौना, थाना जरहागांव
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी की अपील:-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे या मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
मुंगेली पुलिस का संदेश साफ है सूखे नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा।

