2026-28 के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन छत्तीसगढ़ की बनी प्रांतीय अध्यक्ष…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय बिलासपुर की उमा संजय छपारिया को एक महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन छत्तीसगढ़ प्रांत के सत्र 2026-28 के लिए उन्हें प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। यह घोषणा छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रांतीय अधिवेशन में की गई जो 27 दिसम्बर को रायपुर की उमंग शाखा के आतिथ्य में आयोजित हुआ।
अधिवेशन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अरुणा अग्रवाल ने की, जबकि कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजू सरावगी, राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण प्रमुख रेखा महमिया, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष गीता राष्ट्रीय पर्यावरण सह प्रमुख उषा सहित प्रदेश की विभिन्न शाखाओं से आईं बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सर्वसम्मति से उमा संजय छपारिया की ताजपोशी की गई और उन्हें प्रांत की 49 शाखाओं का दायित्व सौंपा गया।

नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं तालियों की गड़गड़ाहट के बीच किया गया। बिलासपुर शाखा की सदस्यों में भी उत्साह का वातावरण रहा और सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उमा छपारिया ने अपनी नई टीम की घोषणा करते हुए बिलासपुर की सीमा गुप्ता को प्रांतीय सचिव तथा रेखा सिघानिया को प्रांतीय कोषाध्यक्ष मनोनीत किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सम्मेलन की गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाया जाएगा। प्रत्येक शाखा में वर्षभर रचनात्मक और सामाजिक कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सदस्यों को समय-समय पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय कार्यालय के निर्देशों के अनुरूप ही सभी गतिविधियां संचालित होंगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया जाएगा।

उमा संजय छपारिया की इस नियुक्ति से बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष का वातावरण है, और संगठन को उनके नेतृत्व में नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

