चकरभाठा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनो लुटेरे युवक माल सहित सपड़ाये…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
टोयोटा शो रूम चकरभाठा के पास ट्रेलर वाहन को रुकवाकर खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई संपत्ति, नकदी, मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।
थाना चकरभाठा से मिली जानकारी के अनुसार, 6 मार्च 2026 की रात लगभग 03:10 बजे टोयोटा शो रूम के पास दो युवकों ने सफेद रंग की टाटा पंच कार से एक ट्रेलर वाहन को रुकवाया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चालक से गाड़ी के बिल्टी पेपर दिखाने को कहा। जब चालक कागजात नहीं दिखा पाया तो आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की और उसके पास से विवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 1000 रुपए तथा ट्रेलर वाहन का बिल्टी पेपर लूटकर मौके से फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 26 हजार रुपए बताई गई है।
घटना की शिकायत मिलते ही थाना चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:-
यशराज यादव (22 वर्ष) पिता गिरिराज यादव, निवासी पुराना बस स्टैंड के पीछे सरस्वती शिशु मंदिर के पास जांजगीर, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर।
सुमित दुबे (27 वर्ष) पिता कमलेश दुबे, निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, विवो मोबाइल, ट्रेलर का बिल्टी पेपर तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जप्त कर ली है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा जा रहा है।

